लखनऊ :
दिव्यांगों और वृद्धजनों की सेवा सबसे बड़ा मानव धर्म : एसीपी आर.के.सिंह।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ मोहनलालगंज
के जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट ने दो दिवसीय शिविर में 400 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल समेत सहायक उपकरण वितरित किया ।
विस्तार :
मोहनलालगंज के जननायक सुजीत पाण्डेय मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में कालेबीर बाबा मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय सहायक उपकरण वितरण शिविर में दूसरे व अन्तिम दिन गुरुवार को दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग बच्चों को ट्राईसाइकिल समेत विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसीपी आर.के. सिंह ने लाभार्थियों को उपकरण वितरित करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी की सहानुभूति नहीं, बल्कि अवसर और सहयोग के अधिकारी हैं। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ लोगों को मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई आशा का संचार हुआ है।विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने कहा कि दिव्यांग और वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस प्रकार के शिविर अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने ट्रस्ट के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक सीधे पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराना एक प्रेरणादायी पहल है।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख विनय वर्मा ने कहा कि सेवा और संवेदना से बड़ा कोई धर्म नहीं है। समाज के सक्षम लोगों को आगे बढ़कर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा गांव-गांव जाकर पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें उपकरण उपलब्ध कराना एक अनुकरणीय कार्य है।ट्रस्टी डॉ. अजय पाण्डेय ने बताया कि ट्रस्ट के स्वयंसेवकों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर दिव्यांगजनों, वृद्धजनों एवं दिव्यांग बच्चों का सर्वेक्षण कर उन्हें चिन्हित किया था। इसके बाद दो दिवसीय शिविर आयोजित कर लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, सर्वाइकल कॉलर, छड़ी, कमर बेल्ट सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 400 लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए गए।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने ट्रस्ट के स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा उनके सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अवधेश कुमार, श्याम मोहन शुक्ला, श्रीकांत, लिपू दलाई समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
