शुक्रवार, 12 जून 2026

लखनऊ : कैंसर संस्थान में ESIC लाभार्थियों को कैशलेस उचार की सुविधा।।Lucknow: Cashless treatment facility for ESIC beneficiaries at the Cancer Institute.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
कैंसर संस्थान में ESIC लाभार्थियों को कैशलेस उचार की सुविधा।।
दो संस्थानों के बीच हुआ समझौता हस्ताक्षर, मरीजों को मिलेगी राहत।
दो टूक : कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ एवं कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के मध्य आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के माध्यम से ESIC लाभार्थियों को संस्थान में निर्बाध एवं कैशलेस कैंसर उपचार सुविधा प्रदान किए जाने की प्रक्रिया को औपचारिक रूप दिया गया।
इस अवसर पर संस्थान की ओर से निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, डॉ. रुचि सक्सेना, वरिष्ठ शोध सलाहकार डॉ. सुरेन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं ESIC की ओर से क्षेत्रीय निदेशक श्री आर.सी. झा एवं उनकी टीम ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान दोनों संस्थानों के मध्य कैंसर उपचार सेवाओं को अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस समझौते के उपरांत ESIC लाभार्थियों को संस्थान में उच्च स्तरीय कैंसर उपचार की सुविधाएं कैशलेस व्यवस्था के अंतर्गत प्राप्त हो सकेंगी, जिससे मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
साथ ही, संस्थान में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को ESIC के अंतर्गत केवल आपातकालीन उपचार सुविधा प्रदान किए जाने पर भी सहमति बनी।
संस्थान प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता कैंसर रोगियों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा तथा भविष्य में दोनों संस्थानों के मध्य स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग और अधिक सुदृढ़ होगा।