शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर सेंट्रल नोएडा पुलिस का शिकंजा, 414 लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर सेंट्रल नोएडा पुलिस का शिकंजा, 414 लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 11 जून 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सेंट्रल नोएडा जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 414 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की है। इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराना है।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा श्री स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, प्रमुख चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब का सेवन करते पाए गए कुल 414 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा भी प्रभावित होती है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे सामाजिक सौहार्द एवं सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका हो। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनसुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।।