शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस और फायर टीम का साहसिक रेस्क्यू: धुएं से भरे फ्लैट से 86 वर्षीय बुजुर्ग दंपति को सुरक्षित निकाला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस और फायर टीम का साहसिक रेस्क्यू: धुएं से भरे फ्लैट से 86 वर्षीय बुजुर्ग दंपति को सुरक्षित निकाला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 11 जून 2026। नोएडा के सेक्टर-49 स्थित ओवरसीज अपार्टमेंट में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और अपनी सूझबूझ तथा साहस का परिचय देते हुए फ्लैट के अंदर फंसे बुजुर्ग दंपति को सकुशल बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान फ्लैट के भीतर 86 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी 83 वर्षीय पत्नी मौजूद थे। दोनों की अधिक आयु होने के कारण चलने-फिरने में असहजता थी। इसी बीच फ्लैट के अंदर तेजी से धुआं भर गया और दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-49 पुलिस और फायर सर्विस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। फायर कर्मियों और पुलिसकर्मियों ने हाइड्रोलिक मशीन सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से फ्लैट का दरवाजा काटकर अंदर प्रवेश किया। धुएं से भरे फ्लैट में जान जोखिम में डालते हुए टीम ने दोनों बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद पुलिस द्वारा दोनों बुजुर्गों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य और स्वस्थ बताई। वहीं, फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों और परिजनों ने फायर सर्विस तथा गौतमबुद्धनगर पुलिस के साहसिक और मानवीय कार्य की मुक्त कंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते पुलिस और फायर टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपदा की घड़ी में पुलिस और फायर विभाग की तत्परता तथा समर्पण कई अनमोल जिंदगियों को बचाने में अहम भूमिका निभाता है। नोएडा में बुजुर्ग दंपति को सुरक्षित बचाने का यह रेस्क्यू अभियान मानवता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बन गया।।