मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: गरीब किसान की भैंस की गड्ढे में गिरकर मौत, नोएडा प्राधिकरण और ठेकेदार कंपनी की लापरवाही पर उठे सवाल!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: गरीब किसान की भैंस की गड्ढे में गिरकर मौत, नोएडा प्राधिकरण और ठेकेदार कंपनी की लापरवाही पर उठे सवाल!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना-39 क्षेत्र के सेक्टर-105 स्थित ग्रीन बेल्ट के किनारे सर्विस रोड पर निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गहरे गड्ढे ने एक गरीब किसान की आजीविका छीन ली। सेक्टर-127 स्थित ग्राम बख्तावरपुर निवासी किसान महेश पुत्र श्यामलाल की भैंस गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण और निर्माण कार्य करने वाली ठेकेदार कंपनी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार किसान महेश रोज की तरह अपनी भैंस को जंगल में चराने के लिए ले गया था। इसी दौरान भैंस सड़क किनारे बिना सुरक्षा इंतजाम के खुले छोड़े गए गहरे गड्ढे में गिर गई। किसान का कहना है कि गड्ढे में गिरने से भैंस की गर्दन टूट गई, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही किसान की आय का प्रमुख साधन था और भैंस की मौत से उसके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि संबंधित कंपनी ने गड्ढा खोदने के बाद वहां न तो बैरिकेडिंग की और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया। यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर गड्ढा खोदा गया है, वहां से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और राहगीर गुजरते हैं। खुले गड्ढे के कारण कभी भी कोई बाइक, कार या अन्य वाहन दुर्घटना का शिकार हो सकता है। लोगों का कहना है कि यह केवल एक पशु की मौत का मामला नहीं है, बल्कि संबंधित विभागों की लापरवाही भविष्य में किसी बड़े जानलेवा हादसे का कारण भी बन सकती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नोएडा प्राधिकरण और निर्माण कार्य करने वाली कंपनियों की लापरवाही के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने तथा क्षेत्र में खुले पड़े सभी गड्ढों को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों के साथ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते इस तरह की लापरवाही पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में इससे भी बड़े और जानलेवा हादसे हो सकते हैं।।