मंगलवार, 30 जून 2026

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रेलर में घुसी लखनऊ-दिल्ली वॉल्वो बस, 4 की मौत, 26 घायल; मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान!!

शेयर करें:

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: खड़े ट्रेलर में घुसी लखनऊ-दिल्ली वॉल्वो बस, 4 की मौत, 26 घायल; मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। थाना राया क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन-112 के पास लखनऊ से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर वॉल्वो बस आगे चल रहे गिट्टी से लदे ट्रेलर (ट्रोला) में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा करीब एक दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और यमुना एक्सप्रेसवे की आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान शुरू किया गया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई निजी वॉल्वो बस बिहार नंबर की बताई जा रही है, जो लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। वहीं, राजस्थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस पीछे से ट्रेलर में जा टकराई। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

पुलिस ने हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस उनके पास मिले दस्तावेजों और अन्य सामान के आधार पर शिनाख्त में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होते ही परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में भर्ती घायलों में कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सभी घायलों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक को नींद का झोंका आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस और संबंधित एजेंसियां दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे का प्रदेश सरकार ने भी तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मथुरा में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों का समुचित और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे इस बात की ओर संकेत करते हैं कि चालक की सतर्कता, पर्याप्त विश्राम और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन ही इस तरह की दर्दनाक दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।।