मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-128 के पुस्ता मार्ग पर बदहाल व्यवस्थाएं: कूड़े के ढेर में लगी आग, गहरे गड्ढों और झाड़ियों से बढ़ा हादसों का खतरा!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-128 के पुस्ता मार्ग पर बदहाल व्यवस्थाएं: कूड़े के ढेर में लगी आग, गहरे गड्ढों और झाड़ियों से बढ़ा हादसों का खतरा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। सेक्टर-128 स्थित पुस्ता टी-पॉइंट पर कूड़े के ढेर में आग लगने से क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे राहगीरों और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कूड़ा फेंकने वालों ने ही कूड़े में आग लगाई है। आग के कारण पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल गया और कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुस्ता मार्ग और बांध रोड की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनसे वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इतना ही नहीं, सड़क किनारे कई स्थानों पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर पड़े हुए हैं, जिनकी नियमित सफाई नहीं होने से आए दिन आग लगने और प्रदूषण फैलने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

लोगों ने यह भी बताया कि बांध रोड के दोनों ओर झाड़ियां काफी बढ़ चुकी हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है। इन झाड़ियों के कारण वाहनों का सुरक्षित आवागमन तो मुश्किल हो ही गया है, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टी-पॉइंट के पास कूड़े के ढेर में लगी आग ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों और नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि पुस्ता मार्ग और बांध रोड पर पड़े गहरे गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, सड़क किनारे जमा कूड़े के ढेर हटाए जाएं, झाड़ियों की सफाई कराई जाए तथा कूड़े में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।।