गौतमबुद्धनगर: जारचा थाने का त्रैमासिक निरीक्षण, एसीपी प्रशाली गंगवार ने व्यवस्था परखी; लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार डीसीपी/एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा श्रीमती प्रशाली गंगवार ने थाना जारचा का त्रैमासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसीपी प्रशाली गंगवार ने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, डाक कार्यालय, थाना हवालात, थाना मेस, बैरक तथा महिला हेल्प डेस्क सहित विभिन्न शाखाओं का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभिलेखों और रजिस्टरों का सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना प्रभारी एवं हेड मोहर्रिर को मालखाने में लंबित पड़े माल के शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई करने के लिए कहा। साथ ही सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से जल्द से जल्द समापन किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। इसके अलावा जनशिकायतों के प्रभावी समाधान के लिए आईजीआरएस (IGRS) पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत एसीपी प्रशाली गंगवार ने कस्बा जारचा में पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए पुलिस की सक्रिय उपस्थिति का संदेश दिया और लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान कर बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। साथ ही यातायात एवं अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसीपी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है। थाना स्तर पर नियमित निरीक्षण से पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होती है, जिससे जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।
इस निरीक्षण के माध्यम से थाना जारचा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके।।
