मंगलवार, 16 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर थाना फेस-1 में पीस कमेटी की बैठक आयोजित!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर थाना फेस-1 में पीस कमेटी की बैठक आयोजित!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त नोएडा श्री साद मियां खान के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के नेतृत्व में एसीपी-2 नोएडा श्री अनिल कुमार पाण्डेय के साथ थाना फेस-1 परिसर में धर्म गुरुओं एवं क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित धर्म गुरुओं और गणमान्य नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम के अवसर पर आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी भी व्यक्ति या समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया सहित किसी भी माध्यम से अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने अथवा धार्मिक भावनाओं को भड़काने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में मौजूद धर्म गुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों ने भी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारे और सद्भाव का वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए वे आमजन को भी जागरूक करेंगे।

पुलिस प्रशासन ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेगा।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे मोहर्रम पर्व को पारंपरिक श्रद्धा और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।