सोमवार, 8 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: विकास की राह पर आगे बढ़ा सलारपुर, सांसद-विधायक ने जनता को समर्पित कीं परियोजनाएं!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: विकास की राह पर आगे बढ़ा सलारपुर, सांसद-विधायक ने जनता को समर्पित कीं परियोजनाएं!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 08 जून। नोएडा के ग्राम सलारपुर में सोमवार को विकास कार्यों को नई गति मिली, जब सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने करीब 8.97 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दिखाई दी।

लोकार्पित परियोजनाओं में ग्राम सलारपुर में सामुदायिक केंद्र निर्माण कार्य (लागत 3.06 करोड़ रुपये), सीसी रोड, नाली, कल्वर्ट, एमएस जाल एवं अन्य सिविल मरम्मत कार्य (लागत 3.77 करोड़ रुपये) तथा सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन से डीएससी रोड तक सिंचाई नाले की आरसीसी दीवार निर्माण कार्य (लागत 2.13 करोड़ रुपये) शामिल हैं। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 8 करोड़ 97 लाख रुपये है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांवों और शहरों के बीच विकास की खाई को समाप्त करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं। सलारपुर में कराए गए ये कार्य स्थानीय लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि नोएडा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला निरंतर जारी है। क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनता की मांगों को प्राथमिकता देते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव और शहरी क्षेत्र तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी इन विकास परियोजनाओं का स्वागत करते हुए खुशी जताई। उनका कहना था कि सामुदायिक केंद्र के निर्माण से सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि सड़क और नाली निर्माण से लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा। वहीं सिंचाई नाले की आरसीसी दीवार बनने से आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला उपाध्यक्ष विपुल शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीजर चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष प्रवीण झा, मंडल मंत्री अंकित भाटी, नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एस.पी. सिंह, महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों से सलारपुर में आधारभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और लोगों ने विकास कार्यों को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।।