गौतमबुद्धनगर: अवैध शराब तस्करी पर फेस-1 पुलिस का बड़ा प्रहार, 106 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। अवैध शराब तस्करी पर शिकंजा कसते हुए थाना फेस-1 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 106 टेट्रा पैक उत्तर प्रदेश मार्का अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अपराध एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-1 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सोमवार को पुलिस टीम ने सेक्टर-6 स्थित जी-71 के सामने से एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 106 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज सिंह पुत्र रामवीर निवासी ग्राम धनसिया, थाना जेवर, जनपद गौतमबुद्धनगर तथा वर्तमान निवासी न्यू अशोक नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 32 वर्ष बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह अवैध शराब की सप्लाई कहां से लाता था और किन क्षेत्रों में इसकी बिक्री करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 274/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। थाना फेस-1 पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।।
