गौतमबुद्धनगर: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर नोएडा पुलिस का बड़ा अभियान, 501 लोगों पर हुई कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोमवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए 501 व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन कायम रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी नोएडा श्री साद मिया खान एवं एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पार्कों, सड़कों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर खुले में शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 501 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
नोएडा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई को शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
