सोमवार, 8 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा, फुट पेट्रोलिंग कर पुलिस को दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का एडीसीपी ने लिया जायजा, फुट पेट्रोलिंग कर पुलिस को दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी नोएडा साद मिया खान के पर्यवेक्षण में एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने एसीपी-3 नोएडा राकेश प्रताप सिंह के साथ थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में व्यापक फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

फुट पेट्रोलिंग के दौरान एडीसीपी ने प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा लेते हुए पुलिस बल की सतर्कता एवं तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र में मौजूद पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वाहनों की सघन चेकिंग पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को बैरिकेडिंग लगाकर रोका जाए और उनकी गहन जांच की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में तैनात सभी पीसीआर और पीआरवी वाहन लगातार भ्रमणशील रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत होती है।

पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में मौजूद लोगों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक भी लिया तथा उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।