सोमवार, 8 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जलभराव, जल निकासी और बिजली संकट पर हुई समीक्षा बैठक, यूपीपीसीएल के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के आदेश

गौतमबुद्धनगर, 08 जून 2026। जिले के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एरिया की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जलभराव, जल निकासी, विद्युत आपूर्ति और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने औद्योगिक क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा ड्रेनेज निर्माण कार्य में हो रही देरी के कारण पूरे औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे न केवल उद्योगों का संचालन प्रभावित हो रहा है, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

जिलाधिकारी ने उद्योग प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयां जिले की आर्थिक प्रगति की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी उद्योग या व्यापारी को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एनएचएआई, आईजीएल तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित परियोजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास और निवेश के अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार संवाद और समन्वय आवश्यक है।

समीक्षा बैठक में अधिकारियों की लापरवाही पर भी जिलाधिकारी का कड़ा रुख देखने को मिला। नोएडा प्राधिकरण के जीएम प्रोजेक्ट की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की, वहीं यूपीपीसीएल के अधिशासी अभियंता के बैठक में अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश जारी किए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन) बच्चू सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और सख्त निर्देशों के बाद क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।।