गौतमबुद्धनगर: चोरी की बाइक पर मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दो मोबाइल और अवैध चाकू बरामद!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैच किए गए दो मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 जून 2026 को थाना इकोटेक-3 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए चौगानपुर से एसीई सिटी की ओर जाने वाली सीएनजी पम्प स्थित सर्विस रोड के पास से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान अफजल पुत्र मुन्ने खाँ निवासी ऊपर कोट, थाना ऊपर कोट, जिला अलीगढ़ (उम्र 19 वर्ष) तथा साहिल पुत्र हारुण निवासी ग्राम न्योरई, थाना कोतवाली नगर, जिला एटा (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से स्नैच किए गए दो मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा घटना में प्रयुक्त चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या यूपी-14 डीएम-3799) बरामद की गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। थाना इकोटेक-3 में इनके विरुद्ध मु0अ0सं0 233/26 के तहत धारा 304/317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है। इसके अतिरिक्त मु0अ0सं0 313/25 धारा 303(2) बीएनएस थाना नंदग्राम, गाजियाबाद में भी मामला दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मोबाइल स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमों द्वारा तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
थाना इकोटेक-3 पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।।
