गौतमबुद्धनगर: एसीपी-2 के नेतृत्व में नोएडा फेस-1 क्षेत्र में सघन फुट पेट्रोलिंग, 26 लोगों पर पुलिस की कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा, 10 जून। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं डीसीपी नोएडा श्री साद मिया खान के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 नोएडा श्री अनिल कुमार पाण्डेय ने थाना फेस-1 प्रभारी एवं पुलिस बल के साथ क्षेत्र में व्यापक फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया।
यह अभियान थाना फेस-1 क्षेत्र के अंतर्गत अशोक नगर बॉर्डर, झुण्डपुरा, वसुंधरा बॉर्डर सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी। संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों को रोककर उनकी गहन जांच की गई तथा वाहन चालकों से आवश्यक पूछताछ भी की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शराब के ठेकों के आसपास खुले में शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान स्थानीय पुलिस द्वारा कुल 26 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, नियमों का उल्लंघन करने तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित रूप से फुट पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है तथा असामाजिक तत्वों में पुलिस का खौफ साफ दिखाई दे रहा है।
