गौतमबुद्धनगर: अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दिखेगी विकास की तस्वीर: यूपी सूचना विभाग ने लॉन्च किया ‘सूचना प्रवाह’ यूट्यूब चैनल !!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//लखनऊ/गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश सरकार ने डिजिटल संचार को नई मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘सूचना प्रवाह’ का शुभारंभ किया है। इस चैनल के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं, महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णयों और जनहित से जुड़ी जानकारियों को सीधे आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सूचना निदेशक विशाल सिंह एवं अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने संयुक्त रूप से चैनल का शुभारंभ किया। इस दौरान निर्माता फिल्म अभय कुमार श्रीवास्तव, फिल्म निर्माण प्रबंधक संदीप पांडेय समेत सूचना विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सूचना विभाग का कहना है कि तेजी से बदलते डिजिटल दौर में लोगों तक प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी पहुंचाने के लिए आधुनिक माध्यमों का उपयोग आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से शुरू किए गए ‘सूचना प्रवाह’ को सरकार और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी मंच बनाने की योजना है।
इस चैनल पर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, महत्वपूर्ण उपलब्धियों, जनहितकारी कार्यक्रमों और शासन की नई पहलों से जुड़ी सामग्री नियमित रूप से प्रसारित की जाएगी। इसके अलावा विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र, विशेष रिपोर्ट, प्रेरणादायी वीडियो, सरकारी अभियान और महत्वपूर्ण आयोजनों का भी प्रसारण किया जाएगा।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया जनसंचार का सबसे प्रभावशाली माध्यम बनकर उभरा है। ऐसे में ‘सूचना प्रवाह’ नागरिकों तक सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने का सशक्त माध्यम साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह मंच जनता को सरल, सहज और आकर्षक तरीके से सरकारी सूचनाएं उपलब्ध कराएगा।
अपर सूचना निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सूचना विभाग आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जनसंचार के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ‘सूचना प्रवाह’ प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं की सही और समयबद्ध जानकारी मिल सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, ‘सूचना प्रवाह’ न केवल सरकारी उपलब्धियों और जनहित की सूचनाओं के प्रसार का प्रभावी माध्यम बनेगा, बल्कि शासन और आमजन के बीच संवाद को भी अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।।
