शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सऊदी अरब से लौटते ही दबोचा गया 5 साल से फरार आरोपी, 40 लाख की रंगदारी और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी का है मामला!!

शेयर करें:
गौतमबुद्धनगर: सऊदी अरब से लौटते ही दबोचा गया 5 साल से फरार आरोपी, 40 लाख की रंगदारी और अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी का है मामला!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। सऊदी अरब में छिपकर रह रहे पांच साल से वांछित आरोपी को आखिरकार गौतमबुद्धनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुंबई एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों की मदद से आरोपी को उस समय दबोचा गया, जब वह जेद्दा से भारत लौट रहा था। आरोपी पर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, मोबाइल फोन हैक करने, जान से मारने की धमकी देने और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने जैसे गंभीर आरोप हैं।

थाना सेक्टर-58 पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुदासिर जहूर पुत्र जहूर अहमद निवासी खानयार, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। आरोपी थाना फेस-3 में दर्ज मुकदमे में वर्ष 2021 से वांछित चल रहा था। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने एक पुराने मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही उसका मोबाइल फोन हैक कर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई थी।

शिकायत के आधार पर थाना फेस-3 में विभिन्न गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी भारत छोड़कर सऊदी अरब में रह रहा है। इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और धारा 82 की कार्रवाई कराते हुए लुकआउट नोटिस जारी किया गया।

पुलिस की सतर्कता रंग लाई और 18 जून 2026 को जेद्दा से मुंबई पहुंची फ्लाइट में आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलते ही इमिग्रेशन अधिकारियों ने उसे डिटेन कर लिया। इसके बाद थाना सेक्टर-58 पुलिस की टीम मुंबई पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर नोएडा ले आई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, करीब पांच वर्षों से कानून की गिरफ्त से दूर चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी कमिश्नरेट पुलिस की बड़ी कामयाबी है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।।