शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य समापन, चित्रकला प्रतियोगिता में उभरी नन्हे कलाकारों की प्रतिभा!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य समापन, चित्रकला प्रतियोगिता में उभरी नन्हे कलाकारों की प्रतिभा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गौतमबुद्धनगर में आयोजित तीन दिवसीय "विकास प्रदर्शनी" का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 में आयोजित इस प्रदर्शनी के अंतिम दिन चित्रकला प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

17 से 19 जून तक चली इस विकास प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन ने भाग लेकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा विकास कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

प्रदर्शनी के तीसरे दिन शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 30 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय याकूबपुर की छात्रा राजलक्ष्मी ने प्रथम स्थान हासिल किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर की छात्रा जानकी द्वितीय, कंपोजिट विद्यालय याकूबपुर की छात्रा राशि तृतीय, कंपोजिट विद्यालय मोमनाथलपुर के छात्र कृष्ण चतुर्थ तथा कंपोजिट विद्यालय याकूबपुर की छात्रा भारती पांचवें स्थान पर रहीं। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में सूचना विभाग द्वारा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी लगाई गई थी। यहां प्रदर्शित विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी को आगंतुकों ने काफी सराहा। वहीं आयोजन स्थल पर स्थापित "सेल्फी विद पीएम" प्वाइंट पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने प्रधानमंत्री के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

तीन दिवसीय आयोजन में सूचना, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, उद्योग, श्रम, पशुपालन, मत्स्य, वन तथा सेवायोजन विभाग समेत कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से आगंतुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन को विकास यात्रा से जोड़ना है। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

विकास प्रदर्शनी के सफल आयोजन ने न केवल सरकारी योजनाओं के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ाई, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का भी बेहतर मंच प्रदान किया। आयोजन का समापन उत्साह, जनभागीदारी और विकास के संदेश के साथ हुआ।।