गौतमबुद्धनगर: योग सप्ताह के पाँचवें दिन विकास भवन में गूंजा ‘स्वस्थ जीवन का मंत्र’, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतम बुद्ध नगर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को विकास भवन में भव्य योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया। योग सप्ताह के पाँचवें दिन आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। शिविर में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आयुष विभाग के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे एवं मनीष धर दुबे ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले सामूहिक योग कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग स्वस्थ, निरोग और दीर्घायु जीवन का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का सिलसिला भी जारी है। इसी क्रम में केसीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, ग्रेटर नोएडा में भी विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। यहां छात्र-छात्राओं और संस्थान के कर्मचारियों को योग के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभों तथा संतुलित जीवनशैली में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें योगाभ्यास भी कराया गया।
इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों, आसपास के क्षेत्रों तथा ग्राम पंचायतों में आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारियों द्वारा योग जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को योग के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें नियमित योग अपनाकर स्वस्थ और निरोग जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
योग सप्ताह के तहत लगातार आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों से जनपद में योग के प्रति लोगों की रुचि बढ़ रही है। प्रशासन और आयुष विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल करना है, ताकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन न बनकर जन-जन की जीवनशैली का हिस्सा बन सके।।
