गौतमबुद्धनगर: घरेलू विवाद में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, आरोपी पति दादरी पुलिस के हत्थे चढ़ा!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या करने वाले आरोपी पति को थाना दादरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को थाना दादरी पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित पुत्र अनूप, निवासी ग्राम चिटहैरा, थाना दादरी, गौतमबुद्धनगर को नवीन मंडी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल दुपट्टा भी बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है, जिसके कारण उसकी पत्नी कविता के साथ अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोपी के मुताबिक खाना न बनाने और न देने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर पत्नी का दुपट्टे से गला घोंट दिया। इस घटना में कविता की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में थाना दादरी में मु0अ0सं0-270/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
घटना ने एक बार फिर घरेलू कलह और नशे की लत के दुष्परिणामों को उजागर किया है, जहां एक मामूली विवाद ने एक महिला की जान ले ली और एक परिवार को बिखेर दिया।
