गौतमबुद्धनगर: फेसबुक-इंस्टाग्राम पर 12 लाख की फर्जी लॉटरी का जाल, नोएडा पुलिस ने साइबर ठगों के अंतरराज्यीय गिरोह के 10 सदस्य दबोचे!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। सोशल मीडिया पर 12 लाख रुपये की लॉटरी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का गौतमबुद्धनगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना फेस-3 पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के 10 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 20 मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड और 10,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले लगभग दो माह से एनसीआरपी और समन्वय पोर्टल के माध्यम से संदिग्ध मोबाइल नंबरों, आईएमईआई और बैंक खातों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच के दौरान पता चला कि कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में इस गिरोह के खिलाफ करीब 18 शिकायतें दर्ज हैं। गोपनीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-121 क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी लॉटरी और इनाम जीतने के विज्ञापन प्रसारित करते थे। लोगों को पहले 50 रुपये में फर्जी लॉटरी टिकट भेजा जाता था और बाद में 12 लाख रुपये की लॉटरी निकलने का दावा कर उनसे टीडीएस, जीएसटी, एनओसी, इनकम टैक्स क्लियरेंस, आरबीआई क्लियरेंस और फाइनल ट्रांसफर चार्ज के नाम पर अलग-अलग किस्तों में धनराशि वसूली जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह दक्षिण भारत के लोगों को विशेष रूप से निशाना बनाता था। आरोपी स्थानीय भाषाओं में बातचीत कर लोगों का विश्वास जीतते थे और ठगी को विश्वसनीय बनाने के लिए आयकर विभाग तथा रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नाम से फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे लगातार मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदलते रहते थे तथा पुराने सिम नष्ट कर देते थे।
पुलिस ने बताया कि ठगी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों को समय-समय पर बदल दिया जाता था, जिससे साइबर अपराध की जांच को भटकाया जा सके। गिरफ्तार आरोपियों में कर्नाटक और बिहार के निवासी शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना फेस-3 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लॉटरी, इनाम या आसान कमाई के किसी भी प्रलोभन में न आएं और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या संदेश की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन और पुलिस को दें।
