गौतमबुद्धनगर: नोएडा में वाहन चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध चाकू के साथ तीन युवक गिरफ्तार!!
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-28 क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र इमरान निवासी ग्राम छलैरा, मयंक पुत्र दिगंबर सिंह निवासी बरौला तथा मनीष पुत्र मदनलाल अनुरागी निवासी सदरपुर, सेक्टर-45 के रूप में हुई है।
पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राम अट्टा क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL2SR3455) बरामद की। वहीं आरोपी मनीष के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिल चोरी के एक मुकदमे से संबंधित है और आरोपियों से अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों का किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से संबंध तो नहीं है।
इस मामले में थाना सेक्टर-20 पर मु0अ0सं0 229/2026 के तहत धारा 317(5) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।
