शुक्रवार, 19 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: इकोटेक-3 पुलिस का बड़ा खुलासा: तीन शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों रुपये के बिजली के तार और कॉपर बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: इकोटेक-3 पुलिस का बड़ा खुलासा: तीन शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों रुपये के बिजली के तार और कॉपर बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी किए गए बिजली के तार, कॉपर, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को औद्योगिक इकाइयों में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में निजी कंपनी के पास सर्विस रोड से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम पुत्र इश्तियाक, शाहरुख पुत्र यामीन उर्फ बेनामी और रिहान पुत्र रईस के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 10 जून और 16 जून 2026 को अलग-अलग कंपनियों से बिजली के तार और अन्य सामान चोरी किया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना इकोटेक-3 में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने जब आरोपियों की निशानदेही पर तलाशी ली तो उनके कब्जे से 27 बंडल सामान्य बिजली के तार, चार बंडल मोटे बिजली के तार, छह प्लास्टिक कट्टों में कटपीस बिजली के तार, बिजली की खोखली तार, 4 किलो 100 ग्राम कॉपर तार तथा चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 9,500 रुपये नकद बरामद किए।

इसके अलावा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त एक स्कूटी (UP14GY3669) और बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं और उनके संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है। थाना इकोटेक-3 पुलिस की इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रिय चोरी गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।