गुरुवार, 11 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सेफ्टी बेल्ट टूटने से ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: एटीएस सोसाइटी में ऊंचाई से गिरकर दो मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेफ्टी बेल्ट टूटने से ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: एटीएस सोसाइटी में ऊंचाई से गिरकर दो मजदूरों की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-152 की निर्माणाधीन एटीएस पिक्चरेस्क रिप्रीव (ATS Picturesque Reprieve) सोसाइटी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। शटरिंग का कार्य कर रहे दो मजदूर सेफ्टी बेल्ट टूटने के कारण ऊंचाई से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 11 जून 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि सेक्टर-152 स्थित निर्माणाधीन एटीएस सोसाइटी में शटरिंग का कार्य करते समय दो मजदूर हादसे का शिकार हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऊंचाई पर काम के दौरान मजदूरों की सेफ्टी बेल्ट टूट गई, जिसके कारण दोनों असंतुलित होकर नीचे गिर पड़े।

मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रईसुल हक (24 वर्ष) पुत्र बदिओर जमाल तथा अब्दुल समद (45 वर्ष) पुत्र सादात रहमान के रूप में हुई है। दोनों मजदूर ग्रेटर नोएडा में रहकर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया और गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने, राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा था या नहीं तथा मजदूरों को उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरण निर्धारित गुणवत्ता के थे या नहीं।

हादसे के बाद निर्माणाधीन परियोजना में कार्यरत अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रेटर नोएडा में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आखिर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर तय नियमों का पालन जमीनी स्तर पर कितनी गंभीरता से किया जा रहा है।।