गुरुवार, 11 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: तीन दिन में निस्तारित होंगे पीएम सूर्यघर योजना के 245 लंबित ऋण प्रकरण, सीडीओ ने बैंकर्स को दिए सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: तीन दिन में निस्तारित होंगे पीएम सूर्यघर योजना के 245 लंबित ऋण प्रकरण, सीडीओ ने बैंकर्स को दिए सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 11 जून 2026। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से बैंक ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत बैंक ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि योजना से जुड़े कई ऋण आवेदन विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य संबंधित बैंकों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर लंबित प्रकरणों का परीक्षण करते हुए आगामी तीन दिनों के भीतर सभी 245 लंबित ऋण प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। इस योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना, बिजली खर्च में कमी लाना तथा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए बैंकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों के ऋण आवेदनों का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए, ताकि पात्र आवेदकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मौजूद बैंक प्रतिनिधियों ने निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण करते हुए ऋण वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना की नियमित मॉनिटरिंग एवं दैनिक समीक्षा सुनिश्चित की जाए, जिससे निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति हो सके और अधिकाधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी यूपी नेडा लवेश कुमार सिसोदिया, उपयुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश कटारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।।