गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में पुलिस-जन संवाद: डीसीपी ने RWA पदाधिकारियों संग की बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा जनसुरक्षा को मजबूत करने और नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) एवं एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय निवासियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने की। गोष्ठी में विभिन्न सेक्टरों और आवासीय सोसाइटियों के प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखा। डीसीपी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान डीसीपी ने सोसाइटियों और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबे समय से सेक्टरों में खड़े लावारिस वाहनों का सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सुरक्षा संबंधी किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने किराएदारों के अनिवार्य पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मकान मालिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के किराएदार रखना सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर लापरवाही है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पीजी (पेइंग गेस्ट) आवासों का सत्यापन अभियान भी नियमित रूप से चलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित सुनसान और संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करें तथा वहां नियमित रूप से पुलिस गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों पर आधुनिक तकनीक का उपयोग भी आवश्यक है। इसी क्रम में ऐसे क्षेत्रों में नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता नागरिकों की सुरक्षा और समस्याओं का समयबद्ध समाधान है।
इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा जोन श्री संतोष कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त-1 श्री राधा रमण सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त-2 श्रीमती प्रशाली गंगवार सहित विभिन्न RWA और AOA के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसहभागिता के बिना प्रभावी पुलिसिंग संभव नहीं है। स्थानीय नागरिकों और पुलिस के बीच नियमित संवाद से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।।
