गुरुवार, 11 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: यूपीपीएससी प्रवक्ता परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क: 14 जून को 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकलविहीन आयोजन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यूपीपीएससी प्रवक्ता परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क: 14 जून को 14 केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकलविहीन आयोजन के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (महिला/पुरुष) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि 14 जून 2026 (रविवार) को जनपद गौतमबुद्धनगर के 14 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा एक पाली में प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम न्यायिक प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका होती है। ऐसे में सभी अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एडीएम न्यायिक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील हों और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

परीक्षा को नकलविहीन बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डाटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, एयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं प्रतिबंधित सामग्री के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज के समन्वयी पर्यवेक्षक आशीष एलन राबर्ट्स ने परीक्षा संचालन से संबंधित मानकों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आयोग की मंशा के अनुरूप परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।।