मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: सोरखा पुस्ता रोड पर संदिग्ध हालात में युवक की मौत, सड़क हादसा या साजिश? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सोरखा पुस्ता रोड पर संदिग्ध हालात में युवक की मौत, सड़क हादसा या साजिश? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सोरखा पुस्ता रोड पर मंगलवार को एक युवक का शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती स्तर पर शव की स्थिति को देखकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं, लेकिन पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई मौत का सामने आया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंगलवार को डायल-112 के माध्यम से थाना सेक्टर-113 पुलिस को सूचना मिली कि सोरखा पुस्ता रोड पर एक व्यक्ति सड़क पर मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस जांच में मृतक की पहचान एक बेलदारी का कार्य करने वाले मजदूर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा आरोपी वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और संभावित साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के समय वहां से गुजरने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच के दौरान कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।।