मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: डीएनडी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 21 किलो गांजा के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से दिल्ली-एनसीआर तक फैला था नेटवर्क!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: डीएनडी पर पुलिस का बड़ा एक्शन: 21 किलो गांजा के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से दिल्ली-एनसीआर तक फैला था नेटवर्क!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-20 पुलिस और सीआरटी (CRT) टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने डीएनडी रोड सेक्टर-17 के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 21 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार (UP16ER7966) भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार को स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर थाना सेक्टर-20 पुलिस और सीआरटी टीम ने संयुक्त रूप से की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर खान, मनोज कुमार, प्रकाश शाह, मोहम्मद फिरोज और पप्पू कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी नोएडा की जेजे कॉलोनियों में रहकर गांजा तस्करी के अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।

उड़ीसा से मंगाते थे गांजा, दिल्ली-एनसीआर में करते थे सप्लाई

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अलग-अलग माध्यमों से उड़ीसा से गांजा मंगाकर दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह काफी समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और संगठित तरीके से तस्करी को अंजाम देता था।

आरोपियों ने पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा किया कि नूरी पत्नी साजिद नामक महिला भी इस नेटवर्क का हिस्सा है और तस्करी के कार्य में उनकी मदद करती थी। पुलिस ने उसे इस मामले में वांछित घोषित करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं एनडीपीएस के मुकदमे

जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में अधिकांश का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। कई आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। विशेष रूप से प्रकाश शाह, मोहम्मद फिरोज और मनोज कुमार पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि ये आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे।

बरामदगी

  • 21 किलोग्राम अवैध गांजा
  • तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार (UP16ER7966)

पुलिस कर रही नेटवर्क की गहन जांच

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा किन-किन माध्यमों से नोएडा तक पहुंचता था और दिल्ली-एनसीआर में इसकी सप्लाई किन लोगों को की जाती थी। फरार महिला आरोपी सहित गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।।