मंगलवार, 30 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में दर्दनाक हादसा: 18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान, पुलिस जांच में जुटी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में दर्दनाक हादसा: 18वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान, पुलिस जांच में जुटी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसाइटी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना से हड़कंप मच गया। सोसाइटी के टावर-32 की 18वीं मंजिल से एक महिला ने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल (32 वर्ष) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना सुबह के समय हुई, जब महिला ने अपने फ्लैट की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।

पुलिस के अनुसार मृतका के पति ने पूछताछ में बताया कि पारुल अग्रवाल लंबे समय से डिप्रेशन से पीड़ित थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

थाना सेक्टर-39 पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

इस घटना के बाद लोटस स्पेसिया सोसाइटी के निवासियों में शोक और चिंता का माहौल है। हाईराइज सोसाइटी में हुई इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।