गुरुवार, 11 जून 2026

गौतमबुद्धनगर:-थाना कासना का वार्षिक निरीक्षण: एडीसीपी संतोष कुमार ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:-थाना कासना का वार्षिक निरीक्षण: एडीसीपी संतोष कुमार ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 11 जून 2026। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार तथा डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह के पर्यवेक्षण में एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री संतोष कुमार द्वारा गुरुवार को थाना कासना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एडीसीपी संतोष कुमार ने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, साइबर हेल्प डेस्क, डाक कार्यालय, हवालात, थाना मेस, पुलिस बैरक तथा मिशन शक्ति केन्द्र का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने थाना प्रभारी और हेड मोहर्रिर को मालखाने में लंबित पड़े माल के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना परिसर एवं बैरकों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, आगंतुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा लावारिस वाहनों की नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए कहा।

एडीसीपी ने साइबर हेल्प डेस्क और मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मियों को पीड़ितों की तत्काल सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत को रजिस्टर में विधिवत दर्ज किया जाए तथा उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए उनका फीडबैक लेने और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया।

थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एडीसीपी संतोष कुमार ने सभी अभिलेखों एवं रजिस्टरों को पूर्ण, अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निष्पादन करने तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा।

इस अवसर पर थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि थाने में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और उनके साथ मृदु एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों के प्रति सजग, अनुशासित और ईमानदार रहने की अपेक्षा करते हुए कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाकर जनसुनवाई, शिकायत निस्तारण और पुलिसिंग की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।