गौतमबुद्धनगर: यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियां तेज: ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितम्बर तक सजेगा वैश्विक व्यापार का महाकुंभ!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 11 जून 2026। उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए "यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026" के चतुर्थ संस्करण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रमुख सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश शशि भूषण लाल सुशील ने की।
25 से 29 सितम्बर 2026 तक आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं। बैठक में आयोजन की अब तक की प्रगति, विभागीय समन्वय, आधारभूत व्यवस्थाओं और इसे और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन प्रांजल यादव, आयुक्त एवं निदेशक उद्योग के. विजयेंद्र पांडियन, विशेष सचिव शिशिर, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश कुमार, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह, लक्ष्मी वी.एस., नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि आयोजन में आने वाले देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों और आगंतुकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु स्थानीय स्तर पर समितियों के गठन पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रस्तावित प्रोटोकॉल समिति में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया, जबकि चिकित्सा एवं आपातकालीन संचालन समिति में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, विद्युत विभाग, अग्निशमन विभाग तथा नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरणों के प्रतिनिधियों को शामिल किए जाने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा ब्रांडिंग, आवास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परिवहन और यातायात प्रबंधन से जुड़ी समितियों के गठन के लिए ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा नामांकन किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि जिला प्रशासन एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नेतृत्व में सभी समितियां समन्वित रूप से कार्य करेंगी और तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात संवर्धन, निवेश आकर्षण और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी विभागों एवं संस्थाओं से आह्वान किया कि वे सामूहिक प्रयासों के माध्यम से इस आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक सफल, भव्य और प्रभावशाली बनाएं।
बैठक के दौरान जिला प्रशासन, प्राधिकरणों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना को लेकर अपने सुझाव भी दिए। समीक्षा बैठक के उपरांत प्रमुख सचिव ने इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
गौरतलब है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, हस्तशिल्प, ओडीओपी उत्पादों और निर्यात क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाला प्रतिष्ठित आयोजन बन चुका है। ऐसे में इसके चौथे संस्करण से प्रदेश के उद्योग, व्यापार और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।।
