गुरुवार, 11 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: मसालों की गुणवत्ता पर प्रशासन की सख्ती: 18 नमूने जांच को भेजे, हजारों किलो कच्चा माल सीज !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मसालों की गुणवत्ता पर प्रशासन की सख्ती: 18 नमूने जांच को भेजे, हजारों किलो कच्चा माल सीज !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 11 जून 2026। जनपदवासियों को शुद्ध एवं मानक गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मसाला निर्माण इकाइयों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर मसालों के नमूने संग्रहित किए गए और उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त मसाले और खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने जिले की विभिन्न मसाला निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा ने जेवर तहसील के जहांगीरपुर स्थित एसपीआर स्पाइसेस एंड सीज़निंग प्रा. लि. में कार्रवाई करते हुए खुली कश्मीरी मिर्च का एक नमूना तथा हल्दी पाउडर के खुला एवं पैक्ड नमूने संग्रहित किए। निरीक्षण के दौरान 199 किलोग्राम खुली कश्मीरी मिर्च और 2479 किलोग्राम हल्दी पाउडर के निर्माण संबंधी अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए, जिसके चलते उक्त सामग्री को सीज कर दिया गया।

वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पाण्डेय ने सेक्टर-57 स्थित टुडे इंडस्ट्रीज प्रा. लि. से साबुत हल्दी एवं हल्दी पाउडर के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इबादुल्लाह ने कासना स्थित काव्यम फूड्स से लाल मिर्च पाउडर, साबुत लाल मिर्च, धनिया पाउडर और साबुत धनिया के नमूने एकत्रित किए।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने इकोटेक-3 स्थित के डी फूड्स स्पेशलटीज से खुली एवं पैक्ड लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-73 स्थित अभि प्योर ब्रांड मसाला इकाई से खुला और पैक्ड धनिया पाउडर के नमूने संग्रहित किए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती ने इकोटेक-6 स्थित नुइवी स्पाइसेस प्रा. लि. से हल्दी पाउडर और साबुत हल्दी के नमूने लिए। इसके अलावा धर्म पाल सत्यपाल फूड्स लिमिटेड से साबुत धनिया, खुला धनिया पाउडर और पैक्ड धनिया पाउडर के नमूने भी जांच के लिए एकत्रित किए गए।

विभाग द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 18 नमूने संग्रहित कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।।