बुधवार, 17 जून 2026

गोंडा- बृजभूषण शरण सिंह व उनके विधायक बेटे को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, मामला दर्जकर जांच में जुटी पुलिस

शेयर करें:
गोंडा- पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह व उनके पुत्र विधायक प्रतीक भूषण सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। फोन कर धमकी देने वाले युवक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी संदीप शर्मा के रूप में हुई है। विधायक के प्रतिनिधि अजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। दरअसल, भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व सांसद, भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह व उनके बेटे जो भाजपा से गोंडा सदर विधानसभा से विधायक हैं दोनों को जान से मारने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक दो दिन पूर्व राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले संदीप ने विधायक प्रतीक भूषण सिंह को उनके फोन पर काल कर जान से मारने की धमकी दी। फोन पर धमकी देने वाले युवक ने विधायक से कहा कि तुम्हे और तुम्हे और तुम्हारे पिता दोनों को जान से मारकर खत्म करने का इंतजाम हो चुका है, खुद को बचा पाओ तो बचा लो। बस इतना कहने के बाद दूसरी तरफ से फोन काट दिया गया। भाजपा विधायक प्रतीक भूषण ने तत्काल इसकी सूचना गोंडा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल को दूरभाष पर दी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज की और जिस नंबर से धमकी आया था उसे ट्रेस किया तो पता चला कि मोबाइल नंबर संदीप शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा के नाम पर रजिस्टर है और वह मकान नंबर 239 माँडावार वार्ड नंबर 6 माजरी भंडा जिला अलवर राजस्थान का रहने वाला है। क्योंकि धमकी पूर्व सांसद व हाई प्रोफाइल चेहरे बृज भूषण शरण सिंह और उनके विधायक बेटे प्रतीक भूषण को मिली है इसलिए पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए अन्तर्राष्ट्रीय गिरोहों, अन्तर्राष्ट्रीय संगठनों की भी काल डिटेल खंगाल रही है। इसके साथ ही गोंडा पुलिस की एक टीम राजस्थान के अलवर जिले के लिए भी निकल चुकी है जहां से धमकी देने वाले युवक संदीप शर्मा की गिरफ्तारी की जा सके।
इस पूरे मामले पर मीडिया को जानकारी देते हुए सीओ सिटी आनंद कुमार राय ने बताया कि गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह के प्रतिनिधि अजय सिंह ने तहरीर देते हुए बताया गया कि एक अंजान नंबर से चंद सेकेंड की काल आई, जिससे उनको व उनके पिता जी को जान से मारने की धमकी दी गई है। जिस पर नगर कोतवाली में तत्काल मुकदमा दर्ज किया है। सर्विलांस की टीम और नगर कोतवाली पुलिस ने नंबर की पहचान कर ली है। उन्होंने यह भी बताया कि गोंडा पुलिस के अलवर पंहुचने पर पता चला कि धमकी देने वाला युवक संदीप शर्मा मानसिक रूप से विक्षप्त है और उसका इलाज जयपुर जिले के मेडिकल कॉलेज से चल रहा है। साथ ही यह भी पता चला कि इस युवक ने पहले भी ऐसी घटनाएं की है, उसने गूगल व इंटरनेट से जनप्रतिनिधियों के नंबर निकालकर उनको पहले भी कई बार धमकियां दी हैं और इसकी पुष्टि भी अलवर पुलिस ने की है।