बुधवार, 17 जून 2026

हरिद्वार: किसान महाकुंभ में आकर्षण का केंद्र बनी 'टिकैत रसोई', गौतमबुद्ध नगर की टीम कर रही निस्वार्थ सेवा!!

शेयर करें:
हरिद्वार: किसान महाकुंभ में आकर्षण का केंद्र बनी 'टिकैत रसोई', गौतमबुद्ध नगर की टीम कर रही निस्वार्थ सेवा!!
 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//हरिद्वार: हरिद्वार के वीआईपी घाट पर आयोजित किसान महाकुंभ एवं भारतीय किसान यूनियन के चिंतन शिविर में इन दिनों 'टिकैत रसोई' श्रद्धालुओं, किसानों और आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में संचालित यह रसोई निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और आत्मीयता की मिसाल पेश कर रही है। यहां प्रतिदिन हजारों लोगों के लिए देसी घी से तैयार स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन का भंडारा निरंतर चल रहा है।

भाकियू के चिंतन शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे किसान नेताओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के लिए गौतमबुद्ध नगर की टीम द्वारा प्रतिदिन लगभग 5000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है। विशेष रूप से तैयार की जा रही देसी घी की खीर, पूड़ी, आलू-टमाटर की सब्जी तथा सीताफल की सब्जी का स्वाद लोगों की जुबान पर चढ़ गया है। टिकैत रसोई में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और सेवा भाव की हर कोई सराहना कर रहा है।
इस सेवा कार्य की अगुवाई कर रहे भाकियू गौतमबुद्ध नगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी अपनी पूरी टीम के साथ दिन-रात व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। किसानों और समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एक बार फिर सामने आई है। उनके नेतृत्व में नोएडा की टीम पूरी लगन और समर्पण के साथ भोजन तैयार करने से लेकर वितरण तक की जिम्मेदारी निभा रही है। सेवादारों का उद्देश्य केवल भोजन कराना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अतिथि सेवा और किसान एकता के संदेश को मजबूत करना भी है।

टिकैत रसोई के इस सेवा कार्य की भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने सराहना करते हुए इसे किसानों की एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। वहीं विधायक अतुल प्रधान, राष्ट्रीय महासचिव राजवीर जादौन तथा गौरव टिकैत सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी गौतमबुद्ध नगर की टीम के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस दौरान राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, सिंह राज गुर्जर, जोगिंदर भड़ाना, जिला सचिव सचिन अवाना, लोकेश अवाना समेत बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ता सेवादार के रूप में उपस्थित रहे और भंडारे की व्यवस्थाओं में सहयोग करते दिखाई दिए। वहीं, टिकैत रथ के सारथी अजय गुर्जर 'नेताजी' भी आयोजन में मौजूद रहे।
किसान महाकुंभ में जहां एक ओर किसान विभिन्न मुद्दों पर मंथन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर टिकैत रसोई सेवा, समर्पण और किसान संस्कृति की पहचान बनकर उभर रही है। हरिद्वार पहुंचने वाले हजारों लोगों के लिए यह रसोई केवल भोजन का स्थान नहीं, बल्कि अपनत्व और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है। गौतमबुद्ध नगर की टीम द्वारा किए जा रहे इस निस्वार्थ सेवा कार्य की हर ओर चर्चा हो रही है और लोग इसे किसान आंदोलन की सकारात्मक तस्वीर के रूप में देख रहे हैं।