गौतमबुद्धनगर: ई-लॉटरी से हुआ मॉडल शॉप की दो दुकानों का आवंटन, गौतमबुद्धनगर को मिलेगा करीब 2.4 करोड़ रुपये का राजस्व!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 16 जून 2026। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में आबकारी नीति 2026-27 के तहत ई-लॉटरी प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान मॉडल शॉप की दो दुकानों के ऑनलाइन आवंटन की प्रक्रिया को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकी।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि आबकारी नीति के प्रावधानों के अनुरूप मॉडल शॉप की दो दुकानों के व्यवस्थापन के लिए कुल छह आवेदन प्राप्त हुए थे। ई-लॉटरी के माध्यम से इन दुकानों का आवंटन किया गया, जिससे जनपद को लगभग 2.4 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ई-लॉटरी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए प्राप्त छह आवेदनों के माध्यम से करीब छह लाख रुपये का राजस्व भी अर्जित हुआ है। पूरी प्रक्रिया को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान नामित सहायक आबकारी आयुक्त मोहन मीकिंग, पुलिस विभाग द्वारा नामित अधिकारी तथा जनपद के समस्त आबकारी निरीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई यह ई-लॉटरी प्रक्रिया आबकारी विभाग की पारदर्शी कार्यप्रणाली का उदाहरण बनी।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से शराब दुकानों के आवंटन में निष्पक्षता सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आवेदकों को समान अवसर मिलने के साथ-साथ सरकारी राजस्व में भी वृद्धि हो रही है।।
