गौतमबुद्धनगर: ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर जिला निर्वाचन अधिकारी की पैनी नजर, त्रैमासिक निरीक्षण में सीसीटीवी और सील मिली पूरी तरह सुरक्षित!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 29 जून। "ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर जिला निर्वाचन अधिकारी की पैनी नजर, त्रैमासिक निरीक्षण में सीसीटीवी और सील मिली पूरी तरह सुरक्षित।" आगामी चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, सील, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस के मुख्य द्वार पर लगे ताले एवं उसकी सील की गहन जांच की, जो पूरी तरह सुरक्षित और यथावत पाई गई। इसके साथ ही वेयरहाउस में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया, जहां सभी कैमरे सुचारु रूप से कार्यरत मिले। अधिकारियों ने वेयरहाउस की खिड़कियों, रोशनदानों और अन्य सुरक्षा इंतजामों का भी बारीकी से परीक्षण किया।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था को हर समय मजबूत बनाए रखें तथा पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाई गईं। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, समाजवादी पार्टी के जिला प्रभारी अनूप तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष रोहित मन्ते, सीपीआई के जिला सहसचिव अरुण प्रताप सिंह, बहुजन समाज पार्टी के जिला महासचिव राजकुमार सिंह, कांग्रेस के जिला सचिव प्रिंस भाटी, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलदार अंसारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।
