गौतमबुद्धनगर:;नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर हाई लेवल बैठक, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने दिए अहम निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आयोजित हाई लेवल बैठक में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने संबंधित अधिकारियों को अहम निर्देश देते हुए कहा कि एयरपोर्ट के आगामी परिचालन के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को उच्चतम मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-108 में आयोजित समीक्षा बैठक में एयरपोर्ट के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध संचालन को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एयरपोर्ट के सुचारू एवं सुरक्षित परिचालन के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा मानकों के अनुपालन, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई। विभिन्न विभागों द्वारा एयरपोर्ट संचालन से संबंधित तैयारियों और कार्ययोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई तथा सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डे हेतु चिन्हित भूमि पर आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने, पिक-अप एवं ड्रॉप प्वाइंट निर्धारित करने तथा परी चौक क्षेत्र में संभावित यात्री भार को देखते हुए टैक्सी एवं अन्य वाहनों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव के लिए ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सेक्टर-51 एवं सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों के मध्य प्रस्तावित स्काईवॉक परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं समतलीकरण तथा रूट संबंधी साइनेज एवं होर्डिंग्स स्थापित करने पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त परिवहन यूनियनों के साथ समन्वय बनाए रखने, क्रेन, टोइंग और पार्किंग व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाए तथा सभी एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक की संभावना को न्यूनतम किया जाए। उन्होंने यमुना एक्सप्रेस-वे एवं एयरपोर्ट क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, यात्रियों की सुगमता, पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं, हेल्प डेस्क संचालन, महिला सुरक्षा तथा वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश और देश की एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना है। ऐसे में इसके संचालन के दौरान उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सतत निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वस्तरीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (यीडा) एवं नोडल अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार भाटिया (आईएएस), पुलिस उपायुक्त नोएडा श्री साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, प्रभारी पुलिस उपायुक्त यातायात श्री अभय कुमार मिश्र, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ऑफिसर श्रीमती पूनम मिश्रा, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती नीतू समायरा, मुख्य सुरक्षा अधिकारी कर्नल अजेश वर्मा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के डिप्टी कमांडेंट डॉ. पवन कुमार, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री ब्रजेश सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पाण्डेय, एरिया रीजनल मैनेजर श्री रोहताश कुमार, वाईआईएपीएल के पब्लिक अफेयर्स अधिकारी श्री परविंद कुमार सरोज, नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक (सिविल) श्री अंजनी कुमार एवं उप महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री विपिन सिंह रावत सहित विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रस्तावित संचालन को देखते हुए आयोजित इस समीक्षा बैठक को सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और यात्री सुविधाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य एयरपोर्ट शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देकर यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वस्तरीय अनुभव उपलब्ध कराना है।।
