गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फॉर्च्यूनर कार में घूम रहे चार शातिर बदमाश अवैध हथियारों समेत गिरफ्तार!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना इकोटेक-3 क्षेत्र से चार शातिर अभियुक्तों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो तमंचे, नौ जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर खैरपुर गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान राहुल यादव, यश नागर, अभिषेक उर्फ अन्नू और जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान राहुल यादव के कब्जे से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस, यश नागर के पास से .32 बोर की एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस, अभिषेक उर्फ अन्नू के पास से .315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस तथा जोगेन्द्र उर्फ हैप्पी के पास से .315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की फॉर्च्यूनर कार भी जब्त की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में यश नागर थाना इकोटेक-3 का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है, जिनके विरुद्ध गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में मामले पंजीकृत हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना इकोटेक-3 में मु0अ0सं0 239/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बरामद फॉर्च्यूनर कार का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में तो नहीं किया गया था तथा आरोपी किस उद्देश्य से अवैध हथियारों के साथ क्षेत्र में घूम रहे थे।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
