गौतमबुद्धनगर: बेगमपुर माजरा भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट; पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल !!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा/नोएडा। थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के अंतर्गत बेगमपुर माजरा स्थित भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि जमीन पर बनी बाउंड्री वॉल, कमरे, बोरिंग तथा लगाए गए पेड़-पौधों को क्षतिग्रस्त किए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया, जिसमें एक पक्ष के लोगों को चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, लखनावली गांव के दो पक्षों के बीच बेगमपुर माजरा स्थित भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पीड़ित कृष्ण पुत्र महावीर, निवासी लखनावली का कहना है कि संबंधित जमीन उनकी है और विरोधी पक्ष द्वारा उनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। कृष्ण के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके ऊपर हमला कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 20 लोगों ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-142 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा मामले की जांच शुरू की गई।
हालांकि, कृष्ण और उनके परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि उनके पक्ष के लोगों को थाने में बैठाया गया है। उन्होंने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी अपने स्तर पर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल भूमि विवाद और मारपीट की इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।।
