गौतमबुद्धनगर: योगी आदित्यनाथ के 55वें जन्मदिवस पर किरन त्यागी को मिला 'हिंदू रत्न' सम्मान, सामाजिक सेवा के लिए हुईं सम्मानित!!
दो टूक//नोएडा। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के 55वें जन्मदिवस के शुभ अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ द्वारा नोएडा की समाजसेवी एवं महानगर अध्यक्ष किरन त्यागी को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए 'हिंदू रत्न' सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह नोएडा के सेक्टर-75 स्थित मून क्लाउड होटल में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बताया गया कि किरन त्यागी लंबे समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अब तक मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं बेसहारा 105 से अधिक महिलाओं और पुरुषों को सुरक्षित रूप से दिल्ली और नोएडा स्थित आश्रमों तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। इसके साथ ही वह गौसेवा, पशु संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज के कमजोर वर्गों की सहायता जैसे विषयों पर लगातार कार्य कर रही हैं।
आयोजकों ने कहा कि किरन त्यागी की निस्वार्थ सेवा और मानवीय दृष्टिकोण समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। बेसहारा गौवंश एवं अन्य पशुओं की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। इन्हीं कार्यों के सम्मानस्वरूप उन्हें 'हिंदू रत्न' सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान तथा गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा की ओर से भी शुभकामनाएं एवं बधाई संदेश प्रेषित किए गए।
कार्यक्रम में विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी की भूमिका भी विशेष रूप से चर्चा का विषय रही। संगठन को मजबूत करने, समाजहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा युवाओं को राष्ट्र और संस्कृति से जोड़ने में उनका योगदान सराहनीय बताया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि विपिन चौधरी के नेतृत्व में संगठन लगातार जनसेवा और सामाजिक समरसता के कार्यों को नई दिशा दे रहा है। उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता के कारण विश्व हिंदू महासंघ जनसरोकारों से जुड़े अभियानों में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
समारोह में जिला प्रभारी चौधरी तेज सिंह, जिला संयोजक देवेंद्र सिरोहा, जिला संरक्षक जेपी शर्मा, जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी, जिला अध्यक्ष मातृशक्ति नीलम राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महिला आयोग विमला बाथम, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, विश्व हिंदू महासंघ के क्षेत्रीय महामंत्री राजेंद्र शर्मा, प्रदेश दिल्ली अध्यक्ष पिंकी सिंह, जिला महामंत्री निहारिका बंसल, जिला महासचिव रवींद्र कसाना, अमित पोरवाल, महानगर महामंत्री रेखा, मीडिया प्रभारी पिंकी चौधरी, पिंकी चौहान सहित हजारों कार्यकर्ता एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। सम्मान समारोह ने सामाजिक सरोकारों और सेवा भाव के महत्व को एक बार फिर रेखांकित किया।
