गौतमबुद्धनगर: नोएडा में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर पुलिस का शिकंजा, सेक्टर-39 पुलिस ने 86 लोगों के खिलाफ की कार्रवाई!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक ही दिन में 86 व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी नोएडा श्री साद मिया खान एवं एडीसीपी नोएडा श्रीमती मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार, 10 जून 2026 को नोएडा जोन के अंतर्गत थाना सेक्टर-39 पुलिस द्वारा विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया जो सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे थे और आमजन की सुविधा एवं कानून-व्यवस्था के लिए परेशानी का कारण बन रहे थे। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 86 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक वातावरण भी प्रभावित होता है और आम नागरिकों, महिलाओं तथा बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस द्वारा ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने से बचें तथा कानून का पालन करें। साथ ही यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
