शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: रेकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना, बीटा-2 पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा; लाखों के जेवरात और अवैध हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: रेकी कर बंद मकानों को बनाते थे निशाना, बीटा-2 पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा; लाखों के जेवरात और अवैध हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। बंद पड़े मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का थाना बीटा-2 पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी, पीतल की टोंटियां, दरवाजों के हैंडल तथा दो अवैध चाकू बरामद किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, 11 जून 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना बीटा-2 पुलिस ने सिटी पार्क के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान सौरभ पुत्र भजन लाल निवासी ग्राम नीरपुर नंगला, थाना हरदुआगंज, जनपद अलीगढ़ (वर्तमान पता ग्राम नवादा, थाना बीटा-2) तथा अजय पुत्र किशन सिंह निवासी ग्राम रामनगर, थाना बकेवर, जनपद इटावा (वर्तमान पता ग्राम नवादा, थाना बीटा-2) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो चैन, एक हार, कान के बूंदे, एक मोती माला, पांच हजार रुपये नकद, पांच पीतल की टोंटियां, दो दरवाजों के हैंडल और दो अवैध चाकू बरामद किए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और फिर मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के सामान को बेचकर गिरोह के सदस्य अवैध रूप से धन अर्जित करते थे।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 28 मई 2026 की रात ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 क्षेत्र स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया था। रेकी करने के बाद उन्होंने मकान से लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी की गई नकदी को आपस में बांट लिया गया, जबकि आभूषणों को सिटी पार्क क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना बीटा-2 पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।

बरामद सामान में दो चैन, एक हार, कान के बूंदे, एक मोती माला, पांच हजार रुपये नकद, पांच पीतल की टोंटियां, दो दरवाजों के हैंडल तथा दो अवैध चाकू शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि जनपद में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।