शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: 28 जून तक करें आवेदन: मत्स्य पालकों के लिए सुनहरा अवसर, सरकार दे रही सब्सिडी और आधुनिक सुविधाओं का लाभ!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 28 जून तक करें आवेदन: मत्स्य पालकों के लिए सुनहरा अवसर, सरकार दे रही सब्सिडी और आधुनिक सुविधाओं का लाभ!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 12 जून 2026। जनपद के मत्स्य पालकों और इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं तलाश रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन योजनाओं के माध्यम से मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि और आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मत्स्य निरीक्षक गौतमबुद्धनगर हरिशंकर त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के लिए विभागीय पोर्टल 08 जून से 28 जून 2026 तक आवेदन हेतु खुला रहेगा। इच्छुक मत्स्य पालक विभाग की वेबसाइट http://fisheries.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन हेतु एरेशन सिस्टम स्थापना योजना के अंतर्गत आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य मत्स्य उत्पादन बढ़ाना, मत्स्य पालकों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।

मत्स्य निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक योजना का लाभ लेने के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं से संबंधित परियोजना विवरण, इकाई लागत, पात्रता की शर्तें, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। आवेदकों को आवेदन करने से पूर्व इन सभी बिंदुओं का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है, तो संशोधित प्रावधान ही प्रभावी माने जाएंगे। साथ ही, ऐसे आवेदक जिनके आवेदन पूर्व वर्षों में किसी कारणवश निरस्त हो गए थे अथवा प्रतीक्षारत हैं, वे भी निर्धारित अवधि के भीतर पुनः आवेदन कर सकते हैं।

मत्स्य विभाग का मानना है कि इन योजनाओं के माध्यम से जिले में मत्स्य पालन गतिविधियों को नई गति मिलेगी और इससे स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। विभाग ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।

योजनाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में सहायक निदेशक मत्स्य, जनपदीय कार्यालय, विकास भवन, कक्ष संख्या 305 एवं 306, गौतमबुद्धनगर से संपर्क कर सकते हैं।।