मंगलवार, 9 जून 2026

मऊ :करजौली जंगल में 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला,पेड़ से लटका था शव, पुलिस जांच में जुटी।||Mau:The body of a 15-year-old girl was found hanging from a tree in the Karjauli forest; police are investigating.||

शेयर करें:
मऊ :
करजौली जंगल में 15 वर्षीय किशोरी का शव मिला,पेड़ से लटका था शव, पुलिस जांच में जुटी।
दो टूक : मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करजौली जंगल में मंगलवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोरी का शव आम के पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका की पहचान संसारपटी गांव निवासी प्रीति चौहान के रूप में हुई है।
प्रीति चौहान सोमवार शाम करीब 7 बजे अपनी छोटी बहन प्रिया के साथ घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर गई थी। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे प्रिया जब करजौली जंगल की तरफ गई, तो उसने अपनी बहन प्रीति का शव पेड़ से लटका देखा। उसने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी।

मृतका प्रीति चौहान अपने पिता खराऊ चौहान की पुत्री थी। वह दो भाइयों और पांच बहनों में दूसरे स्थान पर थी। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। विधिक प्रक्रिया के तहत शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
इस संवेदनशील मामले पर मऊ के पुलिस अधीक्षक (SP)कमलेश बहादुर ने बताया कि पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, "रानीपुर क्षेत्र के करजौली जंगल में एक 15 वर्षीय किशोरी का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
एसपी ने आगे बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस की तफ्तीश पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार, परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने पर केंद्रित है। यदि जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता या साजिश सामने आती है, तो संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।