शुक्रवार, 12 जून 2026

गौतमबुद्धनगर: जनपदवासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई में मसालों के 10 नमूने जांच को भेजे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जनपदवासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर शिकंजा, खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई में मसालों के 10 नमूने जांच को भेजे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतम बुद्ध नगर, 12 जून 2026। जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर के निर्देश पर जिले में मसाला निर्माण इकाइयों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है तथा खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त मसाले एवं खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया और मसालों के कुल 10 नमूने संग्रहित किए।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने दनकौर, ग्रेटर नोएडा स्थित अंजना मिल से खुली हल्दी पाउडर तथा पैक्ड हल्दी पाउडर के एक-एक नमूने लिए। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना ने सेक्टर-63 स्थित राकेश मसाले प्रतिष्ठान से खुली हींग एवं पैक्ड हींग के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा साइट-सी, सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ब्रह्म अर्पण ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड से खुली हल्दी एवं पैक्ड हल्दी के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस.के. पाण्डेय एवं ओ.पी. सिंह की टीम ने धूम मानिकपुर, दादरी स्थित धमीजा ग्राइंडर से खुली और पैक्ड हींग के नमूने एकत्र किए। साथ ही आरएसके फूड्स एंड स्पाइसेस प्राइवेट लिमिटेड से खुला धनिया पाउडर एवं पैक्ड धनिया पाउडर के एक-एक नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।

इस प्रकार जिले की विभिन्न मसाला निर्माण इकाइयों से कुल 10 नमूने संग्रहित कर विधिक कार्रवाई के तहत परीक्षण हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि कोई नमूना मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सहायक आयुक्त (खाद्य) सर्वेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनहित में इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का पालन करने तथा गुणवत्तापूर्ण उत्पाद ही बाजार में उपलब्ध कराने की अपील की।

जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस सक्रियता से मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम नागरिकों ने इस अभियान का स्वागत करते हुए नियमित जांच की मांग की है।।