गौतमबुद्धनगर: UPSC प्री परीक्षा 2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन अलर्ट, 34 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होगी परीक्षा!!
एडीएम प्रशासन ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगा सख्त पहरा
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 22 मई 2026।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित होने वाली सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। आगामी 24 मई, रविवार को जनपद के 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस प्रशासन तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ परीक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित मानकों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए और परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने कहा कि सिविल सर्विसेज परीक्षा देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल है, इसलिए इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या तकनीकी समस्या की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए तथा किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स लेकर प्रवेश न करने दिया जाए। इसके लिए प्रवेश द्वारों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
एडीएम प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसरों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे, बिजली व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारू रहनी चाहिए ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
बैठक में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारी मनोज एवं भानु प्रताप सिंह ने भी अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े आयोग के दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी सहित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।।
