गौतमबुद्धनगर: व्यापारियों की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश!!
जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक में उठे बाजारों की बदहाल व्यवस्था, पार्किंग और जीएसटी से जुड़े मुद्दे
एडीएम प्रशासन बोले— व्यापारिक हित सर्वोच्च प्राथमिकता, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 22 मई 2026।
जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला व्यापार बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने की। इस दौरान व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बाजारों में बढ़ते अतिक्रमण, जाम की समस्या, पार्किंग व्यवस्था की कमी, सड़कों की खराब स्थिति तथा जीएसटी संबंधी परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी सहित अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों से प्रशासन को अवगत कराया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया जाए तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में बेहतर व्यापारिक माहौल तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समस्याओं का समय रहते निराकरण किया जा सके।
बैठक के दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों ने बाजारों में पार्किंग स्थलों के विकास, ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार तथा जीएसटी प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग भी रखी। प्रशासन की ओर से इन मुद्दों पर गंभीरता से कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
बैठक का संचालन जॉइंट कमिश्नर (एक्जीक्यूटिव) योगेश कुमार विजय एवं डिप्टी कमिश्नर प्रशासन, राज्य कर विभाग अजित कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, प्राधिकरणों के अधिकारी तथा विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।।
