रविवार, 17 मई 2026

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किए बड़े फेरबदल, गौतमबुद्धनगर में कई थाना प्रभारियों के तबादले!!

शेयर करें:

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किए बड़े फेरबदल, गौतमबुद्धनगर में कई थाना प्रभारियों के तबादले!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक// गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने प्रशासनिक आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कमिश्नरेट द्वारा जारी आदेश के तहत कई थाना प्रभारियों के तबादले किए गए हैं। इस निर्णय को जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक मनोज कुमार सिंह को थाना फेस-3 से स्थानांतरित कर प्रभारी निरीक्षक थाना दनकौर, ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा को प्रभारी निरीक्षक एसओजी से थाना दादरी का प्रभारी बनाया गया है।

इसके अलावा निरीक्षक मुनेन्द्र सिंह को थाना दनकौर से स्थानांतरित कर थाना बिसरख, सेंट्रल नोएडा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा को थाना बिसरख से हटाकर थाना जेवर एयरपोर्ट, ग्रेटर नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं निरीक्षक सुभाष चन्द्र को पुलिस लाइन से थाना फेस-3, सेंट्रल नोएडा का प्रभारी बनाया गया है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में किए गए इस प्रशासनिक बदलाव को आगामी चुनौतियों, बढ़ते शहरी विस्तार और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नए थाना प्रभारियों के अनुभव और कार्यशैली से संबंधित क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में हुए इस फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। नई जिम्मेदारी पाने वाले अधिकारियों ने जल्द ही अपना कार्यभार संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।।